हरिनगर क्षेत्र के लोगों को बेवजह न हटाए प्रशासन
नैनीताल। बलियानाला, हरिनगर, बूचडख़ाना संघर्ष समिति बलियानाला बचाओ संघर्ष समिति ने बुधवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन से मुलाकात कर उन्हें विस्थापन को लेकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं से अवगत कराया। समिति पदाधिकारियों बीते दिवस क्षेत्रवासियों के साथ की गई बैठक में रखी गई बातों से अवगत कराया। समिति पदाधिकारियों व सदस्यों ने कहा कि वर्तमान दौर कोविड का दौर है। महामारी के चलते लोगों की स्थित काफी दयनीय हो चुकी है। क्षेत्र में अधिकतर लोगों के दिहाड़ी मजदूर होने के कारण हालात और भी खराब हैं। इन हालातों में अपना घर छोडऩा और फिर किराये का घर लेना व्यावहारिक नहीं है। प्रतिवर्ष बरसात में क्षेत्र के लोगों का विस्थापन समस्या का हल नहीं है। कोरोना की तीसरी लहर में बच्चों के प्रभावित होने की आशंकाएं हैं। ऐसे में इन हालातों में वह बच्चों को अन्यत्र लेकर कैसे जाएं। वह तथा उनका परिवार चार-पांच पीढिय़ों से इसी क्षेत्र में रह रहा है। वह बलियानाला की संवेदनशीलता को भी जानते हैं। पूर्व में भी यहां भूस्खलन की घटना हुई, लेकिन उनके भवन सुरक्षित रहे। बलियानाला व उनके आवास के बीच में जीआईसी का बड़ा मैदान है। ऐसे में मैदान परिक्षेत्र में भूस्खलन अथवा अन्य घटना पर वह स्वयं अपने मकान को खाली कर प्रशासन का सहयोग करेंगे। उन्हें बेवजह परेशान न किया जाए। शिष्टमंडल में पूर्व सभासद मुख्तार अली, सभासद रेखा आर्या, अधिवक्ता पंकज, तैयब, पूरन लाल, नवीन कुमार, हरीश कुमार, रमेश लाल, जाबिर हुसैन, गिरधारी लाल, रजब अली आदि रहे।
