बिजली तार की चपेट में आया ट्रक… तार व बिजली पोल गिरा
विकासनगर
ऊर्जा निगम की लापरवाही से बुधवार को दातनू गांव में एक बड़ा हादसा टल गया। गांव की सडक़ के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन पिछले दो साल से झूल रही है। ग्रामीणों के कई बार शिकायत करने के बावजूद ऊर्जा निगम ने लाइन की मरम्मत नहीं की। बुधवार सुबह गांव में निर्माण सामग्री लेकर जा रहा एक ट्रक तार की चपेट में आ गया और तार बिजली के पोल सहित सडक़ पर गिर गई। गनीमत रही कि ट्रक में करंट पास नहीं हुआ, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। स्थानीय निवासी कृपाल सिंह, दिनेश चौहान, राजेंद्र सिंह, अमर सिंह, विक्रम सिंह, ज्ञान सिंह, संतराम ने बताया कि दो साल पहले गांव में नई लाइन बिछाई गई थी। तब से बिजली की तार सडक़ पर झूल रहे हैं। इस सडक़ से अक्सर बड़े वाहनों की आवाजाही नहीं होती है, जिससे आज तक कोई हादसा नहीं हुआ। बुधवार बडनू की ओर जा रहा ट्रक तार की चपेट में आ गया। इसकी सूचना ऊर्जा निगम को देने के बाद गांव की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। बताया कि झूलती तारों से यहां कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है। उधर, सहायक अभियंता अशोक कुमार ने झूलती बिजली की लाइन को जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
