विकासनगर में पूरे दिन पेयजल आपूर्ति रही ठप
विकासनगर
जल संस्थान ने बुधवार को बिना पूर्व सूचना के मुख्य बाजार समेत कई आवासीय कालोनियों की पेयजल आपूर्ति बंद कर दी, जिससे दिन भर लोग परेशान रहे। सुबह से ही आपूर्ति ठप होने के बाद शाम करीब छह बजे बहाल की गई। पेयजल आपूर्ति ठप होने का कारण जल संस्थान की ओर से लाइन की मरम्मत करना बताया गया, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि आपूर्ति बंद करने से पहले इसकी सूचना नहीं दी गई। बुधवार सुबह करीब नौ बजे से विकासनगर मुख्य बाजार समेत अस्पताल रोड, 28 फिटा रोड, सिनेमा गली, कालेज रोड, मुस्लिम बस्ती, विद्यापीठ मार्ग समेत करीब एक दर्जन आवासीय कालोनियों में लोगों घरों और होटल, रेस्टोरेंट में पेयजल आपूर्ति बंद हो गई। पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों को दिन भर परेशान रहना पड़ा। अक्सर घरों में लोग नौ बजे बाद ही पानी का अधिक उपयोग करने के साथ ही दिन भर के लिए स्टोर करते हैं। अचानक पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोग अपने घरेलू कामों को नहीं निपटा पाए। होटलों में भी पानी की कमी के कारण होटल स्वामी समेत कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। होटल स्वामी राजू वर्मा, विनोद कुमार, विशाल दुबे, राकेश शर्मा, शुभम जैन, स्थानीय गृहणी पूनम राणा, माही चंदेल, नवनीत कौर, तरुणा ने बताया कि सुबह अचानक पानी बंद होने से घरेलू काम अटक गए। कहा जल संस्थान ने पानी की आपूर्ति बंद करने से पहले इसकी सूचना नहीं दी। पूरे दिन पानी नहीं आने से कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उधर, जल संस्थान के अवर अभियंता आलेंद्र कुमाई ने बताया कि मुख्य बाजार की पेयजल लाइन का मरम्मत कार्य शुरु होने के कारण पेयजल आपूर्ति ठप रही, शाम छह बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।
