प्रधानमंत्री के कुआला-लंपुर पहुंचने पर मलेशिया के प्रधानमंत्री ने स्वागत किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री महामहिम दातो सेरी अनवर इब्राहिम के आमंत्रण पर 7-8 फरवरी 2026 को मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। वर्ष 2015 के बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की तीसरी मलेशिया यात्रा है।

कुआलालंपुर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का विशेष गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर मलेशिया के प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम के साथ मानव संसाधन मंत्री दातो श्री रामानन रामकृष्णन और उप विदेश मंत्री दातो लुकानिस्मान बिन अवांग सौनी ने उनका अभिनंदन किया। स्वागत के उपरांत एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भारत और मलेशिया की साझा सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की गई।

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा वर्ष 2024 में स्थापित भारत-मलेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से हो रही है। इस दौरान दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, व्यापार, रक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

यह यात्रा भारत-मलेशिया संबंधों को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। यह भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी, हिंद-प्रशांत विजन और ‘विजन महासागर’ का एक महत्वपूर्ण स्तंभ मानी जा रही है।

दौरे के दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता, विभिन्न समझौतों पर चर्चा और आपसी सहयोग को बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *