भारतीय सैन्य अकादमी की कमांडेंट परेड रद्द, पीओपी पर भी संशय
नईदिल्ली।
भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून में आगामी 11 दिसंबर को पासिंग आउट परेड होनी प्रस्तावित है। उससे पहले आज यानी गुरुवार को होने वाली कमांडेंट की परेड को रद्द कर दिया गया है। सीडीएस जनरल बिपिन रावत के असामयिक निधन के चलते यह फैसला लिया गया है।
सीडीएस के निधन के बाद अब पासिंग आउट परेड के आयोजन पर भी संशय बना हुआ है। आईएमए पीआरओ कर्नल हिमानी पंत ने बताया कि आईएमए, देहरादून ने आज होने वाली कमांडेंट की परेड को रद्द कर दिया है। वहीं पासिंग आउट परेड आयोजित करने के संबंध में निर्णय सेना मुख्यालय से निर्देश प्राप्त करने के बाद लिया जाएगा।
पीओपी से पहले मंगलवार को भी फुल ड्रेस में रिहर्सल परेड का आयोजन किया गया था। परेड में 319 भारतीय और 68 विदेशी जैंटलमैन कैडेट्स ने हिस्सा लिया, जो आगामी 11 दिसंबर को आईएमए से पास आउट होकर सेना में अधिकारी बनेंगे। 11 दिसंबर को देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी में 319 भारतीय और 68 विदेशी मित्रों के जेंटलमैन कैडेट्स पास आउट होकर लेफ्टिनेंट के तौर अधिकारी बनकर जिम्मेदारी संभालेंगे। इस बार मुख्य अतिथि भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे। हालांकि अब पीओपी होगी या नहीं या इसका स्वरूप कैसा होगा इसको लेकर फैसला नहीं लिया गया है।
तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर क्रैश में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित 13 लोगों की मौत से देश में शोक की लहर है। वहीं सीडीएस के गृह राज्य होने के चलते उत्तराखंड में तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है। सीडीएस बिपिन रावत के निधन पर पूरा उत्तराखंड शोक में डूब गया है। सीडीएस रावत के निधन पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शोक जताया है। साथ ही सीएम ने प्रदेश में तीन दिनों के राजकीय शोक का ऐलान किया है।
