चालू परियोजनाओं को पूरा करने पर सरकार का जोर
मथुरा।
मंत्री औद्योगिक विकास एवं मथुरा जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने कलेक्टेªट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को गुणवत्ता एवं समय का ध्यान रखते हुए पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
श्री महाना ने लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में जानकारी ली। जिस पर अधिशासी अभियंता सनसवीर सिंह ने बताया कि 50 लाख से ऊपर वाली 18 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। मंत्री ने प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नितिन गौड़ को निर्देश दिये कि सभी विकास कार्यों के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करें कि सभी कार्य समय से पूर्ण हों।
मंत्री ने सीडीओ को निर्देश दिए कि बड़ी परियोजनाओं की सूची बनाकर अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत करें, जिससे मुख्यमंत्री द्वारा उनका उद्घाटन, लोकार्पण करवाया जा सके और छोटी छोटी परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण संबंधित क्षेत्र के विधायकों से करा लिए जाएं। मंत्री ने मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपाध्यक्ष को निर्देश दिए कि जो 24 परियोजनाएं मथुरा-वृन्दावन में चल रही हैं, उन्हें शीघ्रता के साथ पूर्ण कराएं।
इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि अन्न महोत्सव योजना के अन्तर्गत प्रत्येक लाभार्थियों को निःशुल्क राशन वितरण कराया जाये और इस कार्य में लापरवाही बर्दास्त नहीं की जायेगी। उन्होंने पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि अपने अधीनस्थों को निर्देश जारी कर दिये जायें कि राशन की काला बाजारी न हो।
श्री महाना ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे है विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को पूर्ण करा लिए जाएं और जिन कार्याेें में बजट की आवश्यकता हो, तो उसकी सूची बनाकर शासन से बजट प्राप्त कर लिया जाए।
विधायक पूरन प्रकाश ने जताई नाराजगी
विधायक बल्देव पूरन प्रकाश ने अपने क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमीगति होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी डॉक्टर अपने अपने कार्यस्थल पर तैनात रहें और आमजनता के स्वास्थ्य के प्रति अपना कार्य करें। उन्होंने बैठक में कहा कि बल्देव में एक्सप्रेस वे कट बन जाये, तो किसानों एवं श्रद्धालुओं को आसानी होगी और एमवीडीए उपाध्यक्ष से कहा कि दाऊजी महाराज के विकास के लिए एक अच्छा प्लान बनाकर उसे विकसित किया जाये।
नगर निगम के मुख्य अभियंता को कारण बताओ नोटिस
नगर निगम के मुख्य अभियंता द्वारा बैठक में प्रतिभाग न करने पर नाराजगी प्रकट करते हुए कारण बताओ नोटिस दिये जाने के निर्देश दिये। बैठक में जिला अध्यक्ष भाजपा श्रीमती मधु शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नितिन गौड़, एमवीडीए के उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, पीड़ी बलराम कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
पांच नई चौकियों के लिए जमीन आवंटित
मंत्री ने पुलिस विभाग की समीक्षा की, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि शासन द्वारा जैत चौकी को नए थाने के रूप में स्वीकृति प्राप्त हो गयी है और राजस्व विभाग द्वारा पांच नई चौकियों के लिए जमीन आवंटित कर दी गई है, जिसकी रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी गई है।
45 साल से ऊपर की आधी आबादी का हो चुका है वैक्सीनेशन
श्री महाना ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड-19 के कार्यों की जानकारी ली और पूछा कि जनपद मथुरा में वैक्सीनेशन का कार्य कितना हो गया है और कितना शेष है, जिस पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रचना गुप्ता द्वारा बताया कि 45 वर्ष से अधिक में 50 प्रतिशत लोगों को तथा 18 से 44 वर्ष के व्यक्तियों में 36 प्रतिशत कार्य कर लिया गया है।
