मानव जीवन को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी :आनन्द

गोरखपुर।
जिलाधिकारी विजय किरन आनन्द ने कहा है कि मानव जीवन को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है तथा कोरोना वायरस जो वैश्विक महामारी के रूप में फैली है, के बचाव के दृष्टिगत त्यौहार हम सब अपने घरों में ही मनायें और सामूहिक भीड़ से बचे, बचाव ही इसका उपाय है। उन्होंने यह भी कहा कि अपने, अपने परिवार तथा राष्ट्रहित में कोविड नियमों का शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाये क्योंकि जीवन रक्षा सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया।
उक्त निर्देश जिलाधिकारी ने एनेक्सी सभागार में आयोजित मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी से निपटने हेतु हम सभी को अपने कर्तव्यों का पालन कर शासन प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। इस बीमारी को हल्के में न लिया जाये क्योंकि तनिक सी लापरवाही संक्रमण को फैला सकती है। ताजिया, जलूस आदि की मनाही है। कोरोना वायरस को रोकने के दृष्टिगत इसका अनुपालन आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आसामाजिक तत्वों एवं सामाजिक सद्भावना बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा तथा कठोरतम कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने आम जन से अपील किया कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा शांति समिति के सदस्य भी तत्काल अफवाहों का खण्डन करें। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम एवं सी.ओ. को निर्देश दिया कि अपने अपने क्षेत्रों में त्यौहारों के दृष्टिगत शांति समिति की बैठक आयोजित कर लोगों को शासन के दिशा निर्देशों से भली भांति अवगत करा दिया जाये तथा परम्परा को देखते हुए गाइडलाइन के अनुसार कार्यवाही किया जाये। उन्होंने कहा कि साफ सफाई, अपशिष्ट निस्तारण, लाइट आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो तथा विवाद के मामलों को चिन्हित करते हुए संबंधित के विरूद्ध निरोधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित किया जाये। बैठक में शांति समिति के सदस्य द्वारा चक्सा हुसैन में जलजमाव की समस्या उठाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल निस्तारण हेतु निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये।
बैठक में उप जिलाधिकारी गण सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी गणों के साथ शांति समिति के सदस्य डा0 सुधाकर पाण्डेय, आदिल अमीन, सरदार बलबीर सिंह, इमरान खान, शाकिर अली सलमानी तथा विभिन्न इमाम चौक के मतवल्लियों के अध्यक्ष अब्दुल्लाह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *