विशेष अभियान के तहत हुआ 10 गांवों में टीकाकरण
रुडक़ी
देहात क्षेत्र में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। इसके तहत अभी तक सबसे कम टीकाकरण वाले दस गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर लोगों को कोरोना का पहला टीका लगाया। एसडीएम व सीएचसी अधीक्षक ने भी गांवों में घूमकर अभियान की समीक्षा की। पिछले दिनों डीएम ने प्रत्येक विकासखंड में अभी तक किए गए टीकाकरण की समीक्षा की थी। इस दौरान लक्सर के कुछ गांवों में टीकाकरण की दर बहुत कम पाई गई थी। जिलाधिकारी ने ऐसे गांवों में विशेष अभियान चलाकर टीकाकरण करने के आदेश दिए थे। आदेश पर स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार से लक्सर के दस गांवों में अभियान की शुरूआत कर दी। सीएचसी के बीपीएम आशीष शर्मा ने बताया कि पहले चरण में ब्लॉक के सबसे कम टीकाकरण वाले खड़ंजा, बाड़ीटीप, जैतपुर, हरचंदपुर, गंगदासपुर, नरोजपुर, हबीबपुर कुड़ी, फतवा, खेड़ी खुर्द व कुड़ी नेतवाला गांव में अभियान शुरू किया गया है। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा व एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने भी गांवों का दौरा कर टीकाकरण की जानकारी ली। साथ ही लोगों को भी टीकाकरण के फायदे बताए। एसडीएम नेगी ने बताया कि जिन गांवों में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया है, उनमें सरकारी स्कूलों के शिक्षक, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भी मदद ली गई है।
