डाक कर्मी पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप
रुडक़ी
ढंढेरा के कई लोगों का आरोप है कि मिनी डाकघर शाखा का कर्मी लाखों रुपये हड़प कर फरार हो गया। लोगों ने शाखा पर हंगामा किया। ढंढेरा नगर पंचायत में डाकखाने की मिनी शाखा है। क्षेत्र के 50 से अधिक लोगों का कहना है कि उन्होंने मिनी शाखा में अपने खाते खुलवा रखे हैं। खातों में दस हजार रुपये से लेकर एक लाख से ज्यादा तक रकम जमा कर रखी है। कुछ लोगों का कहना है कि शाखा कर्मी के पास एक लाख रुपये की लॉटरी डाल रखी थी। वह यह पैसे भी लेकर फरार हो गया। लोगों का कहना है कि पंद्रह-बीस दिन से कर्मी शाखा पर नहीं पहुंच रहा था। इस पर कुछ लोग लेनदेन करने के लिए मेन पोस्ट ऑफिस मिलाप नगर पहुंचे। जहां पर पता चला कि पास बुक में जो जमा राशि दिखाई गई है वो अकाउंट में नहीं है। पास बुक में हाथ से लिखकर जमा राशि दिखा रखी है जबकि अकाउंट में एक दो हजार रुपये ही है। मामले की जानकारी मिलने पर लोगों ने पोस्ट ऑफिस पहुंच कर हंगामा काटा। मेन पोस्ट ऑफिस के पोस्ट मास्टर मशरूफ का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। इस दौरान सतीश धीमान, अनिल कुमार, साजिद, जहीर हसन, संजीदा, फिरोज, कविता, मोहसिन आदि लोग शामिल रहे।
