निजी सचिव के परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की
लखनऊ।
बापू भवन में खुद को गोली मार कर खुदकुशी करने वाले निजी सचिव विशम्भर दयाल के परिवारीजनों ने सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। परिवारीजनों का कहना है कि सीबीआई जांच से ही इस मामले का पूरा सच सामने आयेगा। साथ ही आरोपियों पुलिसकर्मियों की संलिप्तता भी पता चलेगी। पीड़ित परिवार ने उन्नाव में दर्ज मुकदमे में एससी-एसटी एक्ट की धारा बढ़ाने की मांग भी की है।
डीजीपी मुकुल गोयल ने शनिवार को कहा था कि विशम्भर दयाल के खुदकुशी के मामले में एफआईआर दर्ज करायी जायेगी। हालांकि रविवार को भी इस मामले में परिवारीजनों ने हुसैनगंज कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी थी। विशम्भर के भाई ओमप्रकाश का कहना है कि वह इस मामले में विधिक सलाह ले रहे हैं। इसके बाद ही वह एफआईआर दर्ज करायेंगे। इस मामले में पीड़ित परिवार ने केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर से भी सम्पर्क किया है।
