सेब से भरा लोडर अनियंत्रित होकर पलटा, चार घायल

 

विकासनगर। कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर हाइया के पास शनिवार सुबह सेब से भरा एक लोडर अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे एक खेत में जा गिरा। जिससे लोडर में सवार भाई बहन सहित चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को सीएचसी साहिया पहुंचाकर उपचार कराया। उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई। लोडर छाजपुर हिमाचल से सेब की पेटियों को लेकर देहरादून मंडी में जा रहा था। शनिवार सुबह करीब छह बजे लोडर हाइया के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। जिसके बाद लोडर सड़क के नीचे खेत की झाडियों में गिर गया। स्थानीय लोगों को दुर्घटना का पता चलने पर राजस्व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लोडर में चालक सहित सवार चारों लोगों को लोडर से बाहर निकालकर सीएचसी साहिया ले गए। घायलों में चालक भीम पुत्र जयपाल निवासी हिमाचल, दिनेश रावत पुत्र सरदार सिंह रावत निवासी बुल्हाड़ चकराता, निशांत पुत्र नैन सिंह निवासी छाजपुर हिमाचल व उसकी बहन कुमारी संध्या पुत्री नैन सिंह निवासी छाजपुर हिमाचल शामिल थे। क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक कनबुआ ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। बताया कि संभवत: चालक को नींद की झपकी आने के कारण लोडर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस मौके पर राजस्व उपनिरीक्षक घनश्याम चौहान भी मौके पर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *