आईपीएल फ्रेंचाइजियों में रिप्लेसमेंट के तौर पर कुछ और खिलाड़ी हुए शामिल

दुबई ।

आईपीएल फेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद ने शेष आईपीएल 2021 सत्र के लिए रिप्लेसमेंट के तौर पर कुछ और खिलाड़ी चुने हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स की जगह ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन द्वारशुइस को टीम में शामिल किया है। द्वारशुइस ने अब तक 82 टी-20 मुकाबले खेले हैं और 100 विकेट लिए हैं। इसके अलावा फ्रेंचाइजी ने एम सिद्धार्थ के स्थान पर बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को चुना है। खेजरोलिया ने इससे पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रतिनिधित्व किया है।
गत विजेता मुंबई इंडियंस ने मोहसिन खान की जगह गुजरात के बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज रश कलारिया को टीम में शामिल किया है। उन्होंने अब तक 54 प्रथम श्रेणी, 46 लिस्ट ए और 31 टी-20 मैच खेले हैं और कुल 271 विकेट लिए हैं।
इस बीच पंजाब किंग्स ने भी प्रतिस्थापन सूची में एक और खिलाड़ी जोड़ा है। इंग्लैंड के डेविड मलान की गैर मौजूदगी के कारण दक्षिण अफ्रीकाई बल्लेबाज एडन मार्करम टीम में उनकी जगह लेंगे। इससे पहले पंजाब ने आदिल राशिद और नाथन एलिस को झाई रिचर्डसन और रिले मेरेडिथ के प्रतिस्थापन खिलाडिय़ों के रूप में चुना था।
राजस्थान रॉयल्स ने वेस्ट इंडीज की ओशेन थॉमस और एविन लुईस की जोड़ी को टीम में शामिल किया है जो बेन स्टोक्स और जोस बटलर की जगह लेंगे। अब तक 17 टी-20 मुकाबले खेल चुके थॉमस इससे पहले भी राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज लुईस ने 45 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 158.03 के स्ट्राइक रेट से 1318 रन बनाए हैं। राजस्थान ने इससे पहले तबरेज शम्सी और ग्लेन फिलिप्स को टीम में शामिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *