बंगाल के पूर्व स्पिनर मुर्तजा लोधगर का 45 वर्ष की उम्र में निधन

कोलकाता  ।

बंगाल के बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर तथा वर्तमान में मिजोरम की अंडर-19 टीम के कोच मुर्तजा लोधगर का विशाखापटनम में दिल की धड़कन रुकने से निधन हो गया। वह 45 वर्ष के थे।
बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (सीएबी) के अध्यक्ष अभिषेक डालमिया ने लोधगर के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने कहा,  खाने के बाद मुर्तजा टीम के फिजियो के साथ टहलने निकले थे। अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह सड़क पर गिर गए। ऐसे में फिजियो और टीम के अन्य सदस्य उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए जहां देर रात उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
डालमिया ने कहा,  मुझे विश्वास ही नहीं हो रहा है कि मुर्तु भाई नहीं रहे। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है क्योंकि वह हमारे परिवार द्वारा संचालित प्रथम श्रेणी क्लब राजस्थान एससी के एक स्तंभ थे। वह हमारी बिरादरी के सबसे पसंदीदा क्रिकेटरों में से एक थे और उन्होंने हमारी महिला टीम के साथ भी काम किया था। यह एक अपूरणीय क्षति है।
उल्लेखनीय है कि दिवंगत लोधगर भारतीय घरेलू क्रिकेट सीजन की शुरुआत में वीनू मांकड़ ट्रॉफी के मुकाबले खेलने के लिए अपनी टीम के साथ विशाखापटनम में मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *