छात्र-छात्राओं को मॉडल शिक्षण प्रदान किया
पौड़ी।
अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल महावीर बिष्ट ने गुरुवार को जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालय ओजली और अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज ओजली में छात्र-छात्राओं को मॉडल शिक्षण प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को कई जानकारियां दी। गुरुवार को एडी माध्यमिक महावीर बिष्ट ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय ओजली में छात्र-छात्राओं को हिंदी, गणित विषय का मॉडल शिक्षण दिया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने एडी को दो महीने में पठन-पाठन में सुधार का वादा किया। जिस पर एडी ने कहा कि वे नवंबर महीने के अंतिम सप्ताह में स्कूल में आकर छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन में हुए सुधार की जानकारी लेंगे। इसके बाद एडी ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज ओजली में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी विषय के तहत इंग्लिश स्पीकिंग के महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को भविष्य में अंग्रेजी भाषा की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही दैनिक जीवन में उपयोग आने वाले 5 अंग्रेजी के शब्द और उनका अर्थ प्रतिदिन याद करने की आदत डालने व सामान्य इंग्लिश की बोलचाल में इन शब्दों का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
