कुणाल चंदेला सीनियर पुरुष टीम के कप्तान नियुक्त

 

देहरादून

क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड (सीएयू) ने आगामी सत्र के लिए कुणाल चंदेला को सीनियर पुरुष टीम का कप्तान नियुक्त किया है। विगत वर्ष कुणाल की कप्तानी में उत्तराखंड टीम ने विजय हजारे ट्राफी में शानदार प्रदर्शन किया था। इसमें खुद कुणाल ने कप्तानी पारी खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। कुणाल के उस प्रदर्शन का इनाम उन्हें इस वर्ष मिला है। कुणाल के नेतृत्व में सीनियर पुरुष टीम बीसीसीआइ के घरेलू सत्र के टूर्नामेंट खेलेगी।

उत्तराखंड टीम की कमान अभी तक गेस्ट खिलाड़ी संभाल रहे थे, लेकिन अब स्थानीय खिलाड़ी के रूप में कप्तान मिल गया है। 2017-18 सत्र में रजत भाटिया, इसके बाद 2018-19 सत्र के लिए उन्मुक्त चंद और 2019-20 सत्र के लिए इकबाल अब्दुल्ला को कप्तान बनाया गया था। लेकिन अब्दुल्ला की कप्तानी में सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्राफी में उत्तराखंड का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा था।

इसके बाद विजय हजारे में कुणाल को टीम की कमान सौंपी गई थी। इस सत्र के लिए सीएयू ने कुणाल को सभी प्रारूपों का कप्तान नियुक्त किया है। कुणाल चंदेला ने सभी प्रारूपों का कप्तान नियुक्त होने पर कहा कि उनकी प्राथमिकता टीम को साथ लेकर चलने की है। टीम के सभी खिलाड़ियों के साथ समन्वय बनाकर जीत दिलाने के लिए इरादे से मैदान पर उतरेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *