दोपहर बाद दून के कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश

 

देहरादून

उत्तराखंड चारधाम यात्रा रूट बुधवार को फिलहाल सुचारू हैं। वहीं आज सुबह से राजधानी देहरादून सहित राज्य के लगभग सभी इलाकों में मौसम साफ बना रहा। हालांकि दोपहर एक बजे बाद दून के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। यमुनोत्री धाम की ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं हैं। रुद्रप्रयाग जिले में मौसम साफ बना हुआ है। यहां धूप खिली हुई है। जिले में चारधाम यात्रा सुचारू है।

उधर, यमुनोत्री धाम सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार देर रात बारिश की बौछारों के साथ बुधवार को मौसम साफ हो गया। यहां भी चटख धूप निकली हुई है। यमुनोत्री धाम के ऊपर बंदरपूंछ, सप्त ऋषि कुंड में बर्फबारी भी हुई है। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में भी यात्रा सुचारू है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में कुमाऊं क्षेत्र के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई। इन जिलों में भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के पर्वतीय इलाकों में भी ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार राजधानी दून व आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटे के भीतर कई दौर की बारिश की संभावना है। वहीं इससे पहले मंगलवार को दिनभर आसमान से बादल नदारद रहे और चटक धूप निकली, लेकिन शाम को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और कई इलाकों में बारिश हुई।

बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग टंगणी के पास भारी मलबा आने से बंद हो गया है। साफ मौसम के बाद भी यहां शाम करीब चार बजे भूस्खलन हो गया। जिससे हाईवे पर आवाजाही बंद हो गई है। अभी भी यहां मलबा आने का सिलसिला जारी है। वहीं, श्रदालु और पर्यटकों समेत सैकड़ों लोग रास्ते में ही फंस गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *