नेता प्रतिपक्ष सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार

विकासनगर।

बाड़वाला में पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़कर नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस कार्यकर्ता जुड्डो के लिए पैदल ही निकल गये। बाड़वाला से करीब दो किमी दूर चीलियो के जंगल के पास पहुंचे नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने फिर रोक दिया। यहां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर नोंक-झोंक और धक्का मुक्की हुई। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के कार्यकर्ता चीलियों के जंगल के पास ही धरने पर बैठ गये। यहां कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार, पुलिस व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब ढाई बजे तक पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोंक-झोक होती रही। इसके बाद पुलिस ने मामले को बढ़ता देख कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेता प्रतिपक्ष को गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस बसों में भरकर ले गयी। जबकि नेता प्रतिपक्ष को एसपी की कार में बैठाकर देहरादून की ओर ले जाया गया। कांग्रेसियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। एडीएम एसके वर्नवाल ने बताया कि शांतिभंग की आशंका को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह सहित 70 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें पुलिस लाइन देहरादून भेजा गया है।
निजी मुचलकों पर छोड़ा:
नेता प्रतिपक्ष के साथ जुड्डो कूच करने वाले 46 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोतवाली पुलिस गिरफ्तार कर पुलिस लाइन देहरादून ले गयी। नेता प्रतिपक्ष सहित कुल 46 कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस ने गिरफ्तार दिखाया है। जिनमें नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, जिलाध्यक्ष संजय किशोर, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, शहर अध्यक्ष विकासनगर शम्मी प्रकाश, संजय पालीववाल, विजय सारस्वत आदि लोग शामिल रहे। देर शाम सभी को निजी मुचलकों पर रिहा कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *