पशुलोक विस्थापित में हुआ जनता मिलन कार्यक्रम
ऋषिकेश।
विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पशुलोक में सड़क के लिए 12 लाख रुपये और 20 स्ट्रीट लाइटें लगवाने की घोषणा की। सोमवार को पशुलोक विस्थापित में जनता मिलन कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में आंतरिक मोटर मार्ग, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था आदि के तमाम कार्य संचालित किए गए हैं, जिससे स्थानीय लोग लाभान्वित हो रहे हैं। ऋषिकेश विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर विकास के कार्य गतिमान हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। विस्थापित कल्याण समिति के अध्यक्ष हरि सिंह भंडारी, सचिव जगदंबा सेमवाल ने पशुलोक के विस्थापित गांवों को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने का श्रेय विस अध्यक्ष को दिया।