कालसी में श्रमिक कार्ड बनाने को शिविर लगाने की मांग की
विकासनगर।
ब्लॉक क्षेत्र के श्रमिकों ने श्रम मंत्री डा. हरक सिंह रावत से कालसी में श्रमिक कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाने की मांग की है। उन्होंने पात्र श्रमिकों को योजना का लाभ दिलाने के लिए जल्द कार्यवाही का अनुरोध किया। प्रेषित ज्ञापन के माध्यम से स्थानीय श्रमिकों ने बताया कि श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ अपात्र लोग उठा रहे हैं। पात्र लोगों के श्रम कार्ड नहीं बन रहे हैं, जबकि अपात्र लोग कार्ड बनवाकर विभागीय योजनाओं को डकार रहे हैं। बताया कि गांवों के कुशल और अकुशल श्रमिकों को श्रमिक कार्ड लेने के लिए देहरादून जाना पड़ता है, जिससे उनके धन और समय की बर्बादी होती है। कई महिला श्रमिक देहरादून जाने में खुद को असमर्थ महसूस कर रही हैं। श्रमिकों ने समस्या की ओर विभागीय मंत्री का ध्यान खींचते हुए श्रमिक कार्ड शिविर लगाने की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में चतर सिंह, रतन लाल, गजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, जटिया, चंचल दास, सुनील वर्मा, पूसू दास, सोहन लाल, ममता देवी, सेमानी देवी, सुनीता देवी, अनीता आदि शामिल रहे।
