बर्गर और आइसक्रीम मिक्सचर के सैंपल भरे
हरिद्वार
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को सिडकुल स्थित मॉल की एक दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने बर्गर और आइसक्रीम मिक्सचर के सैंपल भरे। खाद्य सुरक्षा विभाग को जानकारी मिली थी कि बर्गर परोसने वाली दुकान पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता ठीक नहीं है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा निरीक्षक संदीप मिश्रा ने टीम के साथ दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने बर्गर और आइसक्रीम बनाने में प्रयोग होने वाले आइसक्रीम मिक्सचर का सैंपल भरा है। संदीप मिश्रा ने बताया कि भरे गए सैंपल को जांच के लिए काशीपुर स्थित टेस्टिंग लैब में भेजा जाएगा। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संदीप मिश्रा ने कहा कि विभाग ने सिडकुल और शिवालिक नगर क्षेत्र में सैंपल भरने का अभियान चलाया हुआ है। होली के दृष्टिगत इससे पहले भी कई जगह खाद्य सामग्री के सैंपल भरे गए हैं। आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जाएगा।
