कई दिन से बुखार से पीड़ित जिला अस्पताल का कर्मचारी डेंगू पाजिटिव मिला
कानपुर ।
डेंगू का कहर कम होता नहीं दिख रहा है। बुधवार को कई दिन से बुखार से पीड़ित जिला अस्पताल के ही एक कर्मचारी की रैपिड जांच में डेंगू पाजिटिव मिला है। वहीं बड़ी संख्या में प्राइवेट अस्पतालों में मरीज उपचार करा रहे हैं। वहीं जीका के मामले में भी विभाग सचेत नहीं है। हर दिन 200 नमूनों को जांच के लिए संकलित करने के निर्देश के बावजूद इनकी संख्या 70 से आगे नहीं जा रही है।
जनपद में डेंगू और बुखार का कहर लगातार जारी है। इसके बावजूद न तो स्वास्थ्य विभाग की चाल में कोई परिवर्तन आया और न ही मलेरिया विभाग इसे अब गंभीरता से ले रहा है। डेंगू पाजिटिव केस की संख्या बढ़ रही है। रैपिड़ किटों से जांच में धड़ल्ले से डेंगू निकल रहे है। इसके चलते सरकारी अस्पतालों में भी जांच की गति धीमी कर दी गई है। बुधवार को भी जिला अस्पताल में कुल 22 लोगों की मलेरिया जांच की गई। वहीं डेंगू की रैपिड जांच में जिला अस्पताल कर्मी महेश पाजिटिव बताया गया। उसको भर्ती करके उपचार किया जा रहा है। वहीं उसका सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजा गया है। जनपद में बुखार व डेंगू की चपेट में आकर करीब 130 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद कोई सुधार नहीं है।