सुख समृद्धि की कामना कर गंगा मैया में किया दीपदान
कानपुर।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर शुक्रवार को भोर पहर से ही गंगा घाटों पर हजारों की संख्या में पहुंचे भक्तों ने गंगा स्नान कर सुख समृद्धि की कामना की। भक्तों के उत्साह को देखते हुए घाटों पर आस्था और उल्लास का संगम सा नजारा देखने को मिला था। बिठूर के साथ गंगा बैराज,ब्रह्मावर्त घाट,सिद्धनाथ घाट,कोयला घाट,गोलाघाट,नाना राव घाट, गुप्तार घाट, मैगजीन घाट,अटल घाट सहित कई स्थानों पर भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई। कई भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाने के बाद गंगा मैया में दीपदान भी किया।
शुक्रवार को बिठूर के ब्रह्मा व्रत घाट पर सुबह से मेला सा नजारा देखने को मिला दूरदराज से आए भक्तों में गंगा में स्नान कर भगवान शिव और श्री हरि विष्णु का स्मरण पूजन किया। भक्तों ने गंगा मैया की महाआरती कर सुख समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। बढ़ती भीड़ को देखकर जिला प्रशासन और पुलिस बल द्वारा घाटों पर वॉलिंटियर्स को तैनात किया गया। इसी प्रकार सरसैया घाट अटल घाट पर भी भोर पर पहुंचे भक्तों ने बारी-बारी स्नान पूजन किया। सरसैया घाट पर स्नान को पहुंचे भक्तों ने स्नान पूजन के बाद घाट पर दान कर कार्तिक पूर्णिमा पर्व की शुरुआत की।