आंगनबाड़ी ड्रेस खरीद की होगी जांच: नेगी
विकासनगर।
जन संघर्ष मोर्चा ने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए साड़ी खरीद मामले में घोटाले का आरोप लगाया था। इस मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। शनिवार को अस्पताल रोड स्थित कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में मोर्चा अध्यक्ष ने यह जानकारी दी। अध्यक्ष रघुनाथ नेगी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण एंव बाल विकास विभाग की ओर कुल 66 हजार छह सौ साड़ियां और सूट 2.60 करोड़ की लागत से खरीदीं गई थीं। इस लिहाज से प्रति साड़ी 393 रुपए और प्रति सूट 398 रुपए की लागत से खरीदी गई। रकम डीबीटी के माध्यम से खाते में ट्रांसफर कराने को लेकर मोर्चा की ओर से मुख्यमंत्री से जांच करवाने का निवेदन किया गया था। कहना है कि संबंधित विभाग के सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं। आरोप लगाया कि कमीशनखोरी के चक्कर में विभाग ने सूट और साड़ी खरीद का खेल रचकर मातृशक्ति को छला है। बताया कि यही ड्रेस आमजन बाजार में खरीदे तो आधे दामों में आसानी से उपलब्ध हो सकती है।
