डोईवाला महाविद्यालय में एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन
ऋषिकेश।
एनएसयूआई ने राजकीय महाविद्यालय डोईवाला में बीते वर्षों के परीक्षा परिणाम घोषित न होने पर सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। भड़के छात्र नेताओं ने महाविद्यालय गेट पर तालाबंदी की। बाद में प्रदर्शन कर जल्द परिणाम घोषित करने की मांग उठाई। सोमवार को राजकीय महाविद्यालय डोईवाला के गेट पर एनएसयूआई कार्यकर्ता एकत्रित हुए। उन्होंने महाविद्यालय गेट पर ताला लगाकर धरना-प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने कहा कि उन्होंने छह सेमेस्टर पूरे कर लिए है, मगर अभी तक 5 सेमेस्टर का भी परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुआ। जबकि तीन साल का सत्र पूरा होने वाला है। वहीं, एनएसयूआई के विधानसभा अध्यक्ष सावन राठौर ने कहा कि इस मामले में लगातार प्राचार्य को अवगत कराया जाता रहा है। बावजूद इसके कॉलेज प्रशासन छात्र-छात्राओं की समस्या पर सुनवाई नहीं कर रहा है। इसकी वजह से छात्र-छात्राओं का जीवन अंधेरे में लटका नजर आ रहा है। परीक्षा परिणाम नहीं मिलने से छात्र-छात्राएं सरकारी नौकरी के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। उनकी उम्र निकलती जा रही है। कहा कि जल्द ही परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुए तो छात्र मजबूरन आमरण अनशन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में आरिफ अली, निकलेश, रीता, शहदाब, फिरोज, आदिल, अतुल कुमार, मनमीत सिंह, राहुल आर्य, ऋषभ आदि उपस्थित रहे।
