उपनिदेशक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बैठक की

विकासनगर

कालसी चकराता मोटर मार्ग पर बीती 13 मार्च की रात को प्रवर्तन निदेशालय के उपनिदेशक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में रविवार को खत उत्पाल्टा के नौ गांवों के लोगों की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेने के बाद ऐलान किया कि खत का कोई भी व्यक्ति हमलावारों की जमानत नहीं करायेगा। यदि कोई व्यक्ति आरोपियों की जमानत कराता है तो उससे एक लाख रुपये का अर्थदंड वसूल किया जायेगा। साथ ही उसका सामाजिक बहिष्कार किया जायेगा। खत उत्पाल्टा के नौ गांवों की बैठक सनातन धर्म मंदिर साहिया में रविवार को खत स्याणा राजेंद्र सिंह राय की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि खत उत्पाल्टा के तीन लोग ईडी के उपनिदेशक पर हुए हमले में शामिल थे। आरोपी कई वर्षों से साहिया व आसपास के क्षेत्र में आये दिन वारदातों को अंजाम देते हैं। नशे का कारोबार करने के साथ ही लोगों के साथ मारपीट कर डराते धमकाते हैं। जिससे लोगों में दहशत बनी रहती है। बैठक में सर्वसम्मति से चार प्रस्ताव पारित किये गये। पहले प्रस्ताव में खत उत्पाल्टा का कोई भी व्यक्ति आरोपियों की जमानत नहीं करेगा। निर्णय के विपरीत यदि कोई आरोपियों जमानत करेगा तो उससे जुर्माना वसूलने के साथ ही सामाजिक बहिष्कार किया जायेगा। खत की ओर से जिलाधिकारी व एसएसपी को पत्र भेजकर आरोपियों की जमानत न होने देने का अनुरोध किया जायेगा। ताकि बाहरी कोई अन्य व्यक्ति भी आरोपियों की जमानत न करा पाये। साहिया से दो किमी दूरी पर आरोपियों का ढाबा है जहां पर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए योजनायें बनायी जाती हैं। साथ ही नशे का कारोबार इसी ढाबे से संचालित किया जाता है। ढाबे को पुलिस प्रशासन से सीज करने की मांग की गयी है। बैठक में तय किया गया कि खत की एक समिति गठित की जायेगी। समिति नशे के कारोबारियों को चिन्हित कर इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को देगी। जिससे नशे के कारोबारियों की नकेल कसी जा सके। बैठक में श्याम सिंह राय, पूर्व कनिष्ठ उप प्रमुख खजान सिंह नेगी, पूर्व प्रधान मोहन लाल शर्मा, सहिया व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार भसीन, सहिया मंडल अध्यक्ष अमर सिंह चौहान, बीरबल सिंह राय, सुरेश चौधरी, रणवीर राय, विक्रम सिंह, गंभीर राय, प्रवीण चौहान आदि लोगों ने विचार व्यक्त किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *