सस्ता गल्ला विक्रेताओं की बैठक आयोजित
विकासनगर
जौनसार बावर क्षेत्र के सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं की आर्य समाज मंदिर में बैठक आयोजित हुई। इसमें डीलरों ने उनकी मांगें पूरी न होने तक राशन उठान न करने का निर्णय लिया है। रविवार सुबह छावनी बाजार स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में आयोजित राशन डीलरों की बैठक में डीलरों ने कहा कि सरकार ने उनके फरवरी और मार्च माह के राशन में भारी कटौती की है। साथ ही मिलने वाले राशन की गुणवत्ता भी घटिया है। जिसे उपभोक्ता नहीं ले रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्हें कोविड के समय के साथ ही पिछले कई वर्षों का भाड़ा तक नहीं मिल पाया है। बार- बार शिकायत करने के बावजूद, विभागीय अधिकारी उनकी मांग पर ध्यान नहीं दे रहे। जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं होगा, तब तक कोई भी राशन डीलर राशन का उठान नहीं करेगा। इतना ही नहीं, यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान न हुआ तो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह रावत, गलाब सिंह नेगी, खुशीराम डोभाल, श्याम सिंह राठौर, महेन्द्र सिंह तोमर, अखिल कुमार गुप्ता, महिपाल सिंह तोमर, शूरवीर सिंह तोमर, धूमर सिंह, अमर सिंह, चतर सिंह, करमचंद, गीताराम, बलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।
