12 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
ऋषिकेश।
कोतवाली पुलिस ने कार से लाई जा रही 12 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही शराब की तस्करी में प्रयुक्त कार को पुलिस ने सीज कर दिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह पुलिस टीम अवैध रूप से शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान मंडी तिराहे पर मुखबिर की सूचना पर एक कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार के अंदर से शराब की पेटियां मिलीं। हत्थे चढ़े व्यक्ति की पहचान अमित गोस्वामी पुत्र स्व. केवलकृष्ण गोस्वामी निवासी आदिल बिहार, श्यामपुर खदरी के रूप में हुई है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि संबंधित धारा में केस दर्ज किया गया है। उस पर पहले भी आबकारी अधिनियम में ऋषिकेश कोतवाली में केस दर्ज है। टीम में एम्स चौकी प्रभारी शिवराम, कांस्टेबल संदीप राठी, बृजेश आदि शामिल रहे।
