हि.प्र. विधानसभा शीत सत्र: जस्टिस फॉर पुलिस को लेकर विपक्ष ने किया सदन से वॉकआउट, लगाए नारे
धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल हंगामे की भेंट चढ़ गया। विपक्ष ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया और जस्टिस फॉर पुलिस की मांग को लेकर सदन में ही नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
विपक्ष ने पुलिस में फैले व्यापक असन्तोष को लेकर स्थगन प्रस्ताव लेकर आये थे, जिसे अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने निरस्त कर दिया।
इसपर पहले विपक्ष ने वेल में आकर नारेबाजी शुरू कर दी। उसके बाद वाकआउट कर दिया।
बता दें कि वेतन विसंगति की मांग को लेकर प्रदेश पुलिसकर्मियों ने मोर्चा खोला था। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों के परिजनों ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बिलासपुर के प्रवास के दौरान उनका रास्ता रोककर उन्हें अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन भी सौंपा था। प्रशासन ने पुलिसकर्मियों के परिजनों पर प्रकरण दर्ज भी किया था। पुलिसकर्मियों के परिजनों पर प्रकरण दर्ज होने की घटना का कांग्रेस ने विरोध किया और कहा था कि कांग्रेस इस मुद्दे को सदन में उठाएगी। जिसके बाद शनिवार को सत्र के दौरान कांग्रेस ने जस्टिस फॉर पुलिस के मुद्दे को लेकर हंगामा किया।
