हेल्थ विभाग की रिपोर्ट बताएगी सिविल अस्पताल का पानी है कितना शुद्ध
पठानकोट
बदलते मौसम में बढ़ती बीमारियों को ध्यान में रखते हुए सेहत विभाग पूरी तरह से चैकस हो गया है। विभाग की ओर से सार्वजानिक स्थलों से पानी के सैंपल लेकर जांच की जा रही है कि वह कितना शुद्ध है। बुधवार को सेहत विभाग की टीम ने शहर के सिविल अस्पताल के विभिन्न प्वाइंटों से सप्लाई हो रहे पानी के नमूनों की जांच व इसकी शुद्धता जांचने के लिए लेबोरेटरी में भेज दिया गया है।अगले आठ से दस दिनों में इसकी रिपोर्ट आ जाएगी जिसके आधार पर विभाग बताएगा कि सिविल अस्पताल का पानी कितना शुद्ध है। सीएमओ डाक्टर हरविद्र सिंह व एसएमओ डाक्टर राकेश सरपाल के नेतृत्व में हेल्थ विभाग की टीम दोपहर एक बजे सिविल अस्पताल पहुंची। टीम में डाक्टर कनिका शर्मा, जिला एपीडमोलोजिस्ट डाक्टर सर्बजीत कौर, हेल्थ इंस्पेक्टर अविनाश शर्मा, हेल्थ इंस्पेक्टर राज अमृत सिह, हेल्थ इंस्पेक्टर अनोख लाल, गणेश, डाक्टर अभय गर्ग, कुलविद्र ढिल्लों व अमन मौजूद थे। टीम ने सर्वप्रथम अस्पताल के पुरुष व महिला वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, कैंटीन, जनरल ओपीडी, नवजन्में बच्चों के वार्ड सहित केयर सेंटर में सप्लाई हो रहे पानी की जांच की। इन स्थानों से पानी के सैंपल लिए व उन्हें जांच के लिए आगे लेबोरेटरी भेजा दिया गया। डाक्टर कनिका शर्मा व हेल्थ इंस्पेक्टर अविनाश शर्मा ने बताया कि सिविल अस्पताल के छह विभिन्न स्थानों से पानी के सैंपल लिए गए हैं। यह सैंपल वाटर क्वालिटी टेस्ट पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी में जांच के लिए भेजे जाएंगे। अगले आठ से दस दिनों में उक्त रिपोर्ट आ जाएगी उसी के आधार पर पता चल पाएगा कि अस्पताल का पानी कितना साफ और शुद्ध है।
