वरिष्ठ नागरिक 14567 हेल्पलाइन नंबर पर लें सहायता
पौड़ी।
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की पहल पर उत्तराखण्ड सरकार के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए एल्डर लाइन की शुरूआत की गई है। जिसका टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14567 है। डीएम डा. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि किसी भी वरिष्ठ नागरिकों की समस्या के समाधान के लिए शुरू की गई हेल्पलाइन नंबर 14567 पर डायल कर सहायता ली सकती है। वहीं सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा, कानूनी सहायता या सुझाव की जरूरत है, तो ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को एक कॉल से ही सारी सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी जागरूकता हेतु टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14567 का प्रचार-प्रसार करने तथा व्यथित वृद्ध व्यक्तियों को सहायता पहुंचाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। एल्डर लाइन से हिमानी कण्डारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 14567 पर सुबह 8 बजे से सांय 8 बजे तक कॉल कर वृद्धाश्रम, केयर गिवर, गतिविधि केंद्र आदि पर जानकारी, दुर्व्यवहार से पीड़ित तथा त्यागे गये बुजुर्गों की सहायता, कानूनी और पेंशन संबंधित मुद्दों पर मार्गदर्शन, भावनात्मक सहारे के लिए बात करे सकते हैं।
