दो किशोरों ने नाबालिग छात्रा से किया दुष्कर्म

रुड़की। दो किशोरों ने स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। घर लौटने पर छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई। छात्रा की दादी ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली पुलिस दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। लक्सर नगर के एक मोहल्ले की 13 वर्षीय किशोरी के मां-बाप नहीं हैं। किशोरी अपनी दादी के साथ रह रही है। वह नगर के ही दूसरे वार्ड में स्थित एक प्राइवेट स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ती है। आरोप है कि इसी 12 दिसंबर की सुबह वह स्कूल जा रही थी। रास्ते में लक्सर के ही एक गांव के दो किशोर मिले। वे किशोरी को जबरन अपने साथ बाइक पर बिठाकर खेतों में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने इसकी वीडियो बनाई और धमकी दी कि किसी से जिक्र करने पर वीडियो वायरल कर देंगे। इसके बाद वे किशोरी को लक्सर छोड़ गए। धमकी से डरी किशोरी ने दादी को कुछ नहीं बताया। पर बाद में उसकी तबीयत खराब हो गई। इस दौरान बिजनौर से किशोरी की बुआ भी उसे देखने लक्सर आई। बुआ ने सख्ती से पूछताछ की तो किशोरी ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दादी उसे लेकर लक्सर कोतवाली पहुंची और पुलिस से मिलकर पूरी बात बताई। इस पर कोतवाली की महिला दरोगा ने किशोरी से अलग बात कर उसके बयान दर्ज किए। बयान में किशोरी ने घटना की पुष्टि की। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की दादी की तहरीर पर दोनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी भी अभी नाबालिग बताए जा रहे हैं। किशोरी का मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *