जयंती पर मालवीय और अटल को याद किया
रुड़की। राष्ट्र सम्मान संघ और मानवाधिकार संगठन ब्यूरो ने पंडित मदन मोहन मालवीय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। देश के लिए दोनों के योगदान को याद किया गया। तहसील स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, भाजपा पदाधिकारियों ने उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संचालक रामेश्वर प्रसाद कुलश्रेष्ठ, राष्ट्र सम्मान संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कृष्णदत्त धीमान, किसान मोर्चा के जिला मंत्री सतीश नेगी ने कहा कि अटल बिहारी वापजेयी ऐसे राजनेता थे जिनका विपक्षी नेता भी सम्मान करते थे। पंडित मदन मोहन मालवीय ने निस्वार्थ भाव से भारत माता के हित में राष्ट्र सेवा की। काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। दोनों महापुरुष हम सब के लिए पूजनीय हैं।
ब्यूरो के अध्यक्ष नवीन जैन ने कहा कि देश की एकता व अखंडता, राष्ट्र विकास के उद्देश्य को लेकर अटल बिहारी वाजपेयी आगे बढ़ें। उन्होंने 24 दलों की साझा सरकार बिना किसी मतभेद के चलाई थी। भाजपा नेता सुबोध शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय ने यह साबित किया था कि यदि सच्ची देशभक्ति हो तो कार्य को सिद्ध करने में कोई बाधा नहीं आती है। अशोक आर्य ने भी कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय व अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन सबके लिए सीख लेने वाला है। इस दौरान अनिल वर्मा, सुधीर चौधरी, नरेद्र जैन, अश्विन भारद्वाज, अनुज आत्रेय, सुनील कुमार गोयल, अशोक कुमार, रवींद्र पाल वर्मा, सुखलाल, नरेश कुमार नागियान, राजेश वर्मा, सुमित बिरला, सचिन गोंड़वाल ,पंकज जैन आदि मौजूद रहे।
