दो बार बेच दिया एक ही प्लॉट तीन पर केस दर्ज
रुड़की। कस्बे के एक व्यक्ति ने एक ही प्लॉट दो अलग-अलग पार्टिर्यों को बेच दिया। पहले खरीदार ने वहां मकान का निर्माण शुरू कराया तो दूसरे खरीदार ने उसे ध्वस्त कर दिया। साथ ही पहले खरीदार से मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लक्सर के बहालपुरी निवासी अरविंद और उसके परिवार के प्रदीप कुमार और सुभाषचंद ने पिछले साल लक्सर नगर में एक-एक हजार वर्गफुट के तीन प्लॉट खरीदे थे। पिछले दिनों उन्होंने प्लॉट की चार दीवारी बनानी शुरू की तो बादशाहपुर (खानपुर) के कुछ लोगों ने प्लॉट अपना बताकर काम रुकवा दिया था।
पता चला था कि प्लॉट के पूर्व मालिक ने उन्हें प्लॉट का बैनामा करने के बाद धोखाधड़ी से वही प्लॉट दूसरे पक्ष को भी बेच दिया। इसके बाद दोनों खरीदारों ने विक्रेता से बात की। तय हुआ कि प्लॉट अरविंद आदि का रहेगा। साथ ही विक्रेता दूसरे पक्ष की रकम भी वापस करेगा। आपसी फैसला होने के बाद अरविंद आदि ने प्लॉट में निर्माण शुरू करा दिया।
करीब दस दिन के निर्माण के बाद बादशाहपुर के दोनों ग्रामीण करीब 20-25 लोगों को साथ लेकर वहां पहुंचे और निर्माण ध्वस्त कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने अरविंद आदि के साथ मारपीट की। अरविंद ने इसकी तहरीर पुलिस को दी थी। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर पर प्लॉट बेचने वाले मनीष पुंडीर के अलावा निर्माण ध्वस्त करने वाले जसवीर पुत्र जयपाल और सतवीर पुत्र जगपाल निवासी बादशाहपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
