अहमदाबाद डिफेंडर्स से हारकर कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर
हैदराबाद,
अहमदाबाद डिफेंडर्स ने जीएमसी गाचीबावली इंडोर स्टेडियम में खेले गए पावर्ड बाय ए 23 रुपे प्राइम वॉलीबॉल लीग (पीवीएल) के पहले सीजन के 20वें मैच में कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स को 3-2 (15-14, 15-14, 11-15, 14-15, 15-10) से हरा दिया। इस हार के साथ ही कोच्चि सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई। अहमदाबाद के शॉन टी जॉन को प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए और उन्होंने मनोज के साथ अपना अवॉर्ड शेयर किया।
अहमदाबाद की छह मैचों में यह पांचवीं जीत है और टीम अब 10 अंक हो गए हैं। टीम सबसे पहले सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। कोच्चि को पांच मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है और वो सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। कोच्चि की हार के बाद कोलकाता थंडरबोल्ट्स सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है।
कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स टॉस जीतकर रिसीव करने के बाद पहले सेट में हाफ टाइम तक एक प्वाइंट से पीछे थी। इसके बाद दोनों टीमें 10-10 की बराबरी पर आ गई और अहमदाबाद ने 15-14 से सेट को अपने नाम कर लिया। अगले सेट में भी अहमदाबाद ने ब्रेक तक एक प्वाइंट की लीड बना ली। डिफेंडर्स ने यहां से बढ़त को कायम रखते हुए 12-12 की बराबरी के बाद 15-14 से लगातार दूसरा सेट जीत लिया।
कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स ने तीसरे सेट में जोरदार वापसी की और टाइम आउट तक 8-4 की बढ़त बना ली। कोच्चि ने फिर 11-6 की लीड लेने के बाद 15-11 से सेट को जीतकर खुद को मुकाबले में बनाए रखा। चौथे सेट में भी कोच्चि ने ब्रेक तक खुद को तीन प्वाइंट से आगे रखा। पीछे होने के बाद अहमदाबाद ने सुपर प्वाइंट का दांव खेला और टीम उसे भुनाने में सफल रही। इसके बावजूद कोच्चि ने खुद को सेट प्वाइंट पर पहुंचा कर 15-14 से लगातार दूसरा सेट जीत लिया और मुकाबले को 2-2 की बराबरी पर ला दिया।
पांचवें और निर्णायक सेट में कोच्चि पीछे हो गई। अहमदाबाद ने ब्रेक तक लीड को एक प्वाइंट से अपने पक्ष में रखा। टीम ने फिर चार प्वाइंट की लीड बना ली और उसका स्कोर 11-7 का हो गया। डिफेंडर्स ने यहां से सुपर प्वाइंट लेते हुए 13-7 की लीड बनाते हुए 15-10 से अंतिम सेट को जीतकर 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
