किसान पर जानलेवा हमले के आरोप में चार आरोपियों पर केस दर्ज
रुडकी
बिना अनुमति खेत से घास काटने से मना करने पर किसान पर किए गए जानलेवा हमले के आरोप में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, दलित उत्पीडऩ की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। कोतवाली क्षेत्र के गांव गोपालपुर के खेतों से दो लोग बिना किसी अनुमति के खेत में खड़े पशुओं के चारे को काट रहे थे। इसका जब विरोध किया तो आरोपी उनके साथ गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने फोन कर अपने गांव बुककनपुर से तमंचे मंगा लिए। दो लोग एक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। उन्होंने तमंचे लहराना शुरू किए। इस पर आरोपियों ने पहले जातिसूचक शब्दों से वहां पर काम कर रहे रविंद्र पुत्र पप्पन तथा सतेंद्र पुत्र प्रमोद के साथ अभद्रता की उसके बाद उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर एक आरोपी ने सत्येंद्र पर फायर झोंक दिए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए थे। घायल को उपचार के लिए पहले रुडक़ी के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस संबंध में पीडि़त पक्ष की ओर से रणवीर पुत्र घसीटा निवासी ग्राम गोपालपुर ने पुलिस को तहरीर दी है तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद किए गए आरोपियों नफीस, इंतजार, इस्तखार तथा शाहरुख सभी निवासी ग्राम बुक्कनपुर कोतवाली मंगलौर के खिलाफ हत्या के प्रयास तथा दलित उत्पीडऩ की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर मंगलौर यशपाल सिंह बिष्ट का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी मंगलौर पंकज गैरोला कर रहे हैं।
