बाड़वाला मेले में ग्रामीणों ने खरीदा रोजमर्रा का सामान और कपड़े

विकासनगर।

बाड़वाला में चल रहे महाशिवरात्रि मेले के तीसरे दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। इससे दिल्ली यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी जाम लगता रहा। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में कोतवाली पुलिस और कालसी थाना पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं साहिया के शहीद मेले में ग्रामीणों ने शहीदों को नमन कर मेले का लुत्फ लिया। बाड़वाला में हर साल महाशिवरात्रि पर चार दिवसीय विशाल मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार कोविड संक्रमण के चलते चार दिनों तक ही मेला संचालित होगा। लिहाजा शुक्रवार को मेला समाप्त होने से एक दिन पूर्व बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी करने पहुंचे। ग्रामीणों में रोजमर्रा के सामान खरीदने के साथ ही गर्मियों के मौसम के कपड़े खरीदे। मेले में पछुवादून, जौनसार बावर के साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तरकाशी और टिहरी जनपदों के सीमावर्ती गांवों के ग्रामीण खरीदारी करने और मेले का लुत्फ लेने पहुंचे। मेले में सजी दुकानों पर सुबह से लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। दिन में कालसी से बाड़वाला और विकासनगर से बाड़वाला मार्ग पर कई बार जाम लगता रहा। वहीं, साहिया में लगे शहीद मेले में भी ग्रामीण बड़ी संख्या में मेले का लुत्फ लेने पहुंच रहे हैं। यहां आने वाले ग्रामीण शहीदों को नमन करते के बाद झूले, चर्खी का आनंद ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *