बिहार के हाजीपुर में होटल पर फायरिंग, ग्राहक सहित 2 की मौत
हाजीपुर
बिहार के वैशाली जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में अपराधियों ने होटल पर गोलीबारी कर दी, जिसमे होटल मालिक सहित दो लोगों की मौत हो गई। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 22 के चौरसिया चौक के समीप बसंत विहार लाइन होटल पर देर शाम अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना में गोली लगने से एक परिवार के चालक और होटल मालिक के भाई की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सुल्तानपुर निवासी लाला राय और होटल काउंटर पर बैठे होटल मालिक के भाई विवेक उर्फ पेंटर के रूप में की गई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, लेकिन पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद सड़क से हट गए।
उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अपराधी बाइक पर सवार होकर आए और घटना को अंजाम देकर भाग निकले। सूत्रों का कहना है कि मामला होटल मालिक से किसी बात को लेकर विवाद का सामने आ रहा है। अपराधी होटल मालिक को निशाना बनाने आए थे।
