शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर फोकस करे सरकार: सेमवाल
श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल विवि के राजनीति विज्ञान विभाग में उत्तराखंड की नव निर्वाचित सरकार के लिए आने वाली चुनौतियां एवं संभावनाओं विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। जिसमें विभागाध्यक्ष प्रो. एमएम सेमवाल ने कहा की उत्तराखंड की नवनिर्वाचित सरकार के सामने बहुत सी चुनौतियां हैं लेकिन यह राज्य संभावनाओं से परिपूर्ण है, इसलिए चुनौतियां ही संभावनाएं बन सकती हैं। सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पलायन पर गहन संवेदनशील होकर नीतियां बनाने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए कठिन भौगोलिक परिस्थिति के कारण टेलीमेडिसिन की तरफ सरकार ध्यान दे सकती है। उत्तराखंड जैव विविधता का एक बड़ा केंद्र है जिसको युवाओं के स्वरोजगार के रूप में सरकार उपयोग कर सकती है। कार्यक्रम में डॉ. नरेश कुमार ने उत्तराखंड में नई सरकार के सम्मुख राजनीतिक अस्थिरता को सबसे बड़ी चुनौती बताया। इस चुनौती से निपटने के लिए सरकार और राजनीतिक दलों दोनों को मिलकर काम करने की आवश्यकता है। राजनीतिक अस्थिरता के कारण उत्तराखंड में नीतियों के क्रियान्वयन में समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उत्तराखंड असीमित संभावना वाला राज्य है इस राज्य की स्थानीयता ही रोजगार और कई समस्याओं का समाधान कर सकती है जिसके लिए सरकार काम कर सकती हैं। कार्यक्रम में छात्र दीपक, अल्का, कंचन, शीला, छात्र अमित व आशुतोष, सौरभ, सुभाष लाल आदि मौजूद थे।
