गैस सिलेंडर के बढ़े हुये दाम वापस लेने की मांग की
नई टिहरी। रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोत्तरी का टिहरी किसान सभा के जिला सचिव भगवान सिंह राणा ने विरोध किया है। उन्होंने केंद्र सरकार से शीघ्र घरेलू गैस के बढ़े हुये दाम वापस लेने की मांग की है। कहा कि लगातार रसोई गैस के दामों में वृद्धि होने से गरीब और असहाय लोगों को गैस सिलेंडर भरवाना बड़ी चुनौती बन रहा है। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में हो रही लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर ग्रामीणों क्षेत्रों के उन परिवारों पर पड़ रहा है, जिनकी नियमित आय नहीं है, जिसके कारण मजबूरी में लोगों को ईंधन के लिए अपने परंपरागत चूल्हों की सहायता लेनी पड़ रही हैं। जिसका सीधा असर पर्यावरण और महिलाओं के स्वास्थ्य पर असर पड़ना तय है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने रसोई गैस सब्सिडी का खूब ढोल पीटा, लेकिन धीरे-धीरे सब्सिडी को समाप्त कर दिया। कहा इस वर्ष घरेलू रसोई गैस में चार बार बढ़ोतरी कि गई है,जिससे गरीब लोगों के जीवन प्रभावित हो रहा है,उन्होंने केंद्र सरकार गैस सिलेंडर के बढ़े हुये दाम वापस लेने की मांग की है। कहा उत्तराखंड देश का ऐसा राज्य है जो पूरे देश को शुद्ध हवा और पानी देता है, इसलिये उत्तराखंड लोगों को रियायती दरों बिजली और रसोई गैस मिलनी चाहिए। कहा केंद्र सरकार बढ़ी हुई दरों को वापस नहीं लेती है, तो किसान सभा जन अभियान बनाते हुए आंदोलन को बाध्य होगी।
