संबंधितों की दुकान से टेबलेट खरीदने का दबाव बना रहे शिक्षक

रुद्रपुर। 10वीं-12वीं के साथ ही डिग्री कॉलेजों के छात्रों को टैबलेट देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एसबीएस के छात्रों से कागजात जमा किए जा रहे हैं। इसके साथ ही शपथ पत्र लगाने के लिए भी मंगलवार को निर्देश आ गए हैं। छात्र लगाता टैबलेट के लिए आवेदन कर रहे हैं। इस बीच एक नया मामला सामने आ गया है। कॉलेज के छात्रों का आरोप है कि शिक्षक उनके संबंधितों की दुकानों से टैबलेट खरीदने का दबाव बना रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि उनके व्हाट्सएप पर भी दुकान का पता और नाम भेजा जा रहा है। जबकि टैबलेट खरीदने के लिए यूनिवर्सिटी ने कोई भी दुकान निश्चित नहीं की है। शिक्षक उनसे अपनी मर्जी की दुकानों से टैबलेट खरीदने के लिए कह रहे हैं। इसको देखते हुए कई छात्र प्राचार्य के पास भी पहुंचे, लेकिन प्राचार्य ने पक्के सबूत लाने पर ही जांच करने के लिए कहा है। छात्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने एक योजना निकाली थी जिसमें डिग्री कॉलेजों में भी छात्रों को टैबलेट वितरण के लिए कहा था। जिसके बाद से प्रक्रिया कॉलेज में शुरू हो गई है। छात्रों के फार्म भरे जा रहे हैं। वहीं शपथ पत्र लगाने के लिए भी कह दिया गया है। छात्र नेता सौरभ शर्मा का आरोप है कि फार्म जमा करने के दौरान उनके पास अब एक मैसेज भी आ रहा है जिसमें शिक्षकों के मनमर्जी की दुकान पर से ही टैबलेट लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। छात्रों का आरोप है कि शिक्षक उन पर एक फर्म से टैबलेट खरीदने के लिए दबाव बना रहे हैं। इसके लिए छात्रों के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए बकायदा दुकान का नाम पता भी दिया जा रहा है और विशेष छूट और उपहारों के लिए भी प्रलोभन दिए जाने शुरू हो गए हैं। इस तरह के दबाव आने के बाद छात्र नेता सक्रिय हो गए और उन्होंने प्राचार्य से इसकी शिकायत की है। ऐसे में प्राचार्य ने लिखित रूप से सबूत लाने पर जांच करने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *