गन्ना मंत्री को जिले के किसानों की समस्याएं बताई
रुडकी। लक्सर गन्ना परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह परमार ने देहरादून जाकर गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात की। अध्यक्ष ने उन्हें जनपद के गन्ना किसानों की प्रमुख समस्याओं के बारे में जानकारी दी। अध्यक्ष के मुताबिक मंत्री ने अधिकांश समस्याओं पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
धामी सरकार में सौरभ बहुगुणा को गन्ना मंत्री बनाया गया है। लक्सर सहकारी गन्ना विकास परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह परमार ने देहरादून में उनसे मुलाकात की। उन्होंने लक्सर सहित हरिद्वार जनपद के गन्ना किसानों की समस्याएं मंत्री के सामने रखी।
अध्यक्ष ने बताया कि बेसिक कोटा निर्धारित करने का सिस्टम काफी पुराना है। पहले प्रति बीघा गन्ने की औसत पैदावार 25 से 35 कुंतल होती थी। इसी के आधार पर उसका बेसिक कोटा तय होता था। अब नई उन्नत तकनीकी के प्रयोग से पैदावार बढ़कर 80 से 100 कुंतल तक हो गई है लेकिन बेसिक कोटा तय करने का फामूला पुरानी उपज के हिसाब से ही चल रहा है।
उन्होनें कहा कि पेराई सत्र समाप्त होने के बाद पुराना बेसिक कोटा पूरी तरह निरस्त करने के बाद किसानों से उनकी जमीन की खसरा, खतौनी की नई नकल जमा कराई जाए और इसके बाद वर्तमान की औसत पैदावार के हिसाब से ही किसानों का बेसिक कोटा निर्धारित किया जाए। अध्यक्ष के मुताबिक गन्ना मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। मुलाकात के दौरान उनके साथ लक्सर के किसान सचिन कुमार भी मौजूद रहे।
