चुनाव के लिए मुरादाबाद से रोडवेज की 139 बसें रवाना
मुरादाबाद
यूपी में पंचायत चुनाव के लिए रोडवेज बसें भी चुनावी डयूटियां करेंगी। सोमवार से इसकी शुरुआत हुई है। मुरादाबाद परिक्षेत्र से पहली बार में 139 रोडवेज बसें रवाना हो गई। बसें कम होने से यात्रियों को दुश्वारियां बढ़ेगी। हालांकि लोकल के यात्रियों अब अनुबंधित बसें ही सहारा बनेंगी। चुनाव और नाइट कर्फ्यू के चलते रोडवेज को रोजाना करीब दस लाख रुपये के नुकसान का अंदेशा है। सबसे ज्यादा बसें मुरादाबाद व बिजनौर डिपो से बाहर भेजी गई है। मुरादाबाद में कुल सात सौ बसों का बेड़ा है।
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारी शुरु हो गई। रोडवेज की बसें चुनावी डयूटी में लगेंगी। पोलिंग पार्टियां व फोर्स को लाने व ले जाने से लेकर अन्य जिम्मेदारियां बसें निभाएंगी। चुनाव के पहले व दूसरे चरण के लिए मुरादाबाद से 139 बसें रवाना हुई है। इनमें मुरादाबाद डिपो से 42,बिजनौर-30, पीतल नगरी-25 और नजीबाबाद से 19 रोडवेज बसें रवाना की गई है। बसें कम होने का असर यात्रियों पर पड़ना तय है। लिहाजा सोमवार को पहले दिन डिपो पर यात्रियों को बसों के लिए इंतजार करना पड़ा। पीतलनगरी डिपो पर बसों के लिए यात्री काफी देर तक खड़े रहे। एआरएम संदीप नायक का कहना है कि पूरे परिक्षेत्र से सभी बसों को चुनावी डयूटी के लिए रवाना कर दिया गया। हालांकि उनका कहना है कि अनुबंधित बसें चलने से लोकल के यात्रियों को बस के लिए ज्यादा देर तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
मुरादाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक अतुल जैन का कहना है कि रोडवेज बसें 14-30 अप्रैल तक चुनावी ड्यूटी करेंगी। 16 से 20 अप्रैल तक ज्यादा बसें भेजीं जाएंगी। बसें न होने से राजस्व का नुकसान होगा। हालांकि नाइट कर्फ्यू से रोडवेज को करीब दस लाख रुपये का नुकसान होगा।
