अप्रैल में टीका लगवाने वाले पचास हजार के पार
मुरादाबाद
मुरादाबाद में कोरोना टीकाकरण कराने वालों की संख्या में कुछ बढ़ोत्तरी होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत महसूस की है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.दीपक वर्मा ने बताया कि सोमवार को 45 साल से अधिक उम्र के कुल सात हजार 186 लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया।
सरकारी अस्पतालों में छह हजार 742 जबकि प्राइवेट अस्पतालों में 444 लोगों ने टीकाकरण कराया। डॉ.दीपक के मुताबिक जिले में पहली अप्रैल से अब तक टीका लगवाने वाले 45 साल से अधिक उम्र के लोगों की संख्या पचास हजार से ऊपर पहुंच गई है। अब तक 50 हजार 711 लोगों ने टीका लगवाया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक रघुवीर सिंह ने बताया कि सोमवार को हुए कोरोना टीकाकरण के दौरान वैक्सीन की 761 वाइल इस्तेमाल की गईं। जिले में कुल 101 टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए जिनमें 17 हजार 50 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। हालांकि, लक्ष्य के सापेक्ष टीका लगवाने वाले लोगों की संख्या काफी कम रही। फिर भी टीकाकरण के लिए लोगों का उत्साह बढ़ता नजर आया।
