पंचायत चुनाव: मतदान के लिए पुलिसकर्मी रामपुर व बरेली रवाना

मुरादाबाद 
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहले चरण के तहत रामपुर और बरेली में मतदान कराने के लिए मुरादाबाद से 867 पुलिसकर्मी सोमवार को रवाना किए गए। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बैठक लेकर सभी को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। बाद में एएसपी अनिल कुमार ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुरादाबाद मंडल में पहले चरण के तहत रामपुर में पंचायत चुनाव का मतदान होगा। बरेली में भी इसी दिन जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए मतदान होगा। इसके लिए मुरादाबाद से भी पुलिस को बस भेजा गया है। एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि 117 उपनिरीक्षक और 600 सिपाही रामपुर के लिए भेजे गए हैं। बरेली के लिए 150 सिपाहियों को भेजा गया है। चुनाव ड्यूटी पर जाने से पहले पुलिस लाइन में स्थित टीनशेड के नीचे इसकी बैठक बुलाई गई। एसएसपी प्रभाकर चौधरी, एसपी सिटी अमित कुमार आनंद, पुलिस चुनाव सेल के नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार और एएसपी अनिल कुमार यादव ने पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की। सभी पुलिसकर्मियों को सतकर्ता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। एसएसपी ने कहा कि किसी भी प्रलोभन से दूर रहते हुए निष्पक्षता के साथ मतदान संपन्न कराना ही सभी की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान कोरोना वायरस बीमारी के मद्देनजर सावधानी बरतने के भी निर्देश दिए। बाद में एएसपी अनिल कुमार यादव ने पुलिसकर्मियों को बसों में बैठाकर हरी झंडी दिखाकर रामपुर और बरेली के लिए रवाना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *