भाजपाइयों ने मेयर को बताई शहर की समस्या
रुड़की। शनिवार को मेयर गौरव गोयल के आवास पर भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष प्रवीण संधु ने कहा कि नगर में कई सड़कें खराब स्थिति में पहुंच चुकी है। जिसके कारण अक्सर लोग दुर्घटना का शिकार होते हैं। उन्होंने ऐसी सड़कों को जल्द ठीक करवाने की मांग रखी। पशु चिकित्सालय में टीन शेड लगाए जाने की मांग की। पूर्वी मंडल अध्यक्ष अभिषेक चंद्रा ने सुझाव दिया कि नगर निगम में ऐसे दो कर्मचारी नियुक्त किये जाएं जो कि सड़कों में होने वाले नए गड्ढों पर नजर रखें। जिससे उनकी तत्काल मरम्मत हो सके। पूर्व राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति ने शहर की सफाई व्यवस्था के बारे बताते हुए कहा कि शहर में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ादान रखें हैं। जिसके बाहर अक्सर कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। गंदगी फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके ऊपर आर्थिक दंड की कार्रवाई होनी चाहिए। मेयर गौरव गोयल ने बताया कि चुनाव आचार संहिता के कारण काम अटके हुए थे। शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए कार्य तेजी से किये जा रहे हैं। पशु अस्पताल में जल्द ही टीन शेड का कार्य पूरा होगा। इस दौरान मंडल महामंत्री प्रद्युमन पोसवाल, गौरव कौशिक, योगेश सिंघल, पंकज नंदा आदि मौजूद रहे।