लोक गीत ‘वा मेरी बांद च का विमोचन
ऋषिकेश। अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने लोकगीत ‘वा मेरी बांद च का विमोचन किया। यह वीडियो गीत गढ़वाली भाषा में है और इसमें गढ़वाल के प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत को दिखाया गया है। सोमवार को दून मार्ग स्थित अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे सिंह नेगी, समाजसेवी हंसराज बडोनी एवं लोक गायक धूम सिंह रावत ने संयुक्त रूप से ‘वा मेरी बांद च वीडियो गीत का विमोचन किया। डॉ. राजे नेगी ने कहा कि निश्चित ही यह गीत देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं नैसर्गिक प्राकृतिक सौन्दर्य को प्रस्तुत करने में कामयाब रहेगा। लोक गायक धूम सिंह रावत ने कहा कि विनोद चौहान के संगीत से सजे गीत में अभिनेता रणवीर चौहान व अभिनेत्री आंचल चौहान ने अपनी अदाकारी का जलवाा बिखेरा है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माता हंसराज बडोनी व बलवीर रावत की प्रस्तुती को दर्शकों का प्यार जरूर मिलेगा। मौके पर समाजसेवी शांति प्रसाद उनियाल, उपेंद्र कुड़ियाल, राजेश्वर प्रसाद, पंकज गुसाईं, धीरेंद्र नोटियाल, विकास चौहान, अमन खरोला, दीपक सेमवाल, गुड्डू रावत, अरविंद थपलियाल, मनोज नेगी आदि उपस्थित रहे।
