शिवालिक नगर में सड़कों के दोनों ओर हुआ अतिक्रमण

हरिद्वार। शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र के कई इलाकों में सड़कों के दोनों ओर अतिक्रमण हो गया है। एसडीएम और पालिका अध्यक्ष के संयुक्त निरीक्षण में इस बात का खुलासा हुआ है।
सार्वजनिक भूमि और सड़कों पर अतिक्रमण, विद्युत पोल, सुरक्षा जैसी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों के बाद मंगलवार को एसडीएम पूरण सिंह राणा और नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने नगर पालिका को एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण चिह्नित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में जनता के इस्तेमाल के लिए बनाई गई सड़क के दोनों ओर करीब ढाई मीटर तक लोगों ने पक्का अतिक्रमण किया हुआ है। बाईपास रोड पूरी तरह अतिक्रमण के कारण ब्लॉक है। सुभाषनगर रोड पर भी लोगों ने बड़ी संख्या में अतिक्रमण किया हुआ है। इसमें नगर पालिका को एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगाने और लाउड स्पीकर से अतिक्रमण हटाने की घोषणा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस पर भी यदि अतिक्रमणकारियों ने अपना अतिक्रमण नहीं हटाया, तो अभियान चला कर सभी क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। अतिक्रमण हटाने में आने वाला पूरा खर्चा अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि कई शिकायतें पिछले दिनों प्राप्त हो रही थीं। इसमें अवैध डेयरी, सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण, सड़कों पर विद्युत पोल आदि प्रमुख थी। इन समस्याओं व शिकायतों के मद्देनजर संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया। अतिक्रमण को चिह्नित किया जा रहा है। निरीक्षण में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, कर्मचारी, सभासद, सामाजिक कार्यकर्ता आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *