परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का स्वागत किया
कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अन्तर्गत एमकेवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं एवं 10वीं की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का फूल माला पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया गया।
विद्यालय में 10वीं कक्षा में 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा दीपाली द्वारा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके द्वारा कराये गये परिश्रम के लिए धन्यवाद दिया गया, वहीं कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएं खुशी द्विवेदी तथा कीर्ति बिष्ट ने भी विद्यालय परिवार एवं अपने माता-पिता का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रकाश चन्द्र कोठारी ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाऐ देते हुए जीवन में अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षा निदेशिका सिंधू कोठारी, विद्यालय के कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी, प्रधानाचार्या आरती कण्डवाल, उप प्रधानाचार्य विपिन जदली एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाऐं मौजूद रहे।
