मानदेय नहीं मिलने पर दुग्ध संघ प्रबंधक के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन
चमोली
सिमली दुग्ध संघ के कर्मियों ने प्रबंधक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पिछले 22 माह से मानदेय न दिए जाने का आरोप लगाते हुए कर्मियों ने कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। शुक्रवार को सिमली दुग्ध संघ के कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि प्रबंधक द्वारा उन्हें 22 माह से मानदेय नहीं दिया गया है। कार्यालय पर तालाबंदी करते हुए कर्मियों ने कहा कि प्रबंधाक द्वारा बिना सक्षम अधिकारी के उन कर्मियों को करीब 22 लाख का भुगतान कर दिया गया जो साल 2017 से 2021 के बीच टिहरी दुग्ध संघ में कार्यरत थे। जबकि सिमली दुग्ध संघ में काम करने वाले कर्मियों को पिछले 22 माह से मानदेय नहीं दिया गया। कर्मियों ने मामले में प्रबंधक द्वारा वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने और मानदेय को निर्गत करने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में रोशन लाल, मधु कुंवर, अनीता देवी, कांता बिष्ट, राहुल बिष्ट, रघुवीर सिंह, योगेश्वर खंडूड़ी, पंकज कुमार, कमलेश सिंह, अजय नेगी, महिपाल सिंह सहित नियमित एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मी मौजूद थे। वहीं प्रबंधक अजीत सिंह ने वित्तीय अनियमितता के आरोपों को बेबुनियाद बताया। अजीत सिंह ने कहा कि कॉपरेटिव संस्थाओं में प्रबंधक सर्वे सर्वा होता है। साथ ही बताया कि संस्था में कार्यरत मजदूरों का सितंबर 2021 का भुगतान तीन दिनों में कर दिया जाएगा।
