पड़ोसी के लिए आफत बनी बाउंड्रीवॉल गिरायी
ऋषिकेश
शहर के पॉश इलाके प्रगति विहार में सीनियर सिटीजन पड़ोसी के लिए आफत बनी बाउंड्रीवाल को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया। बुधवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की टीम हरिद्वार बाईपास मार्ग से सटे प्रगति विहार लेन नंबर-8 पहुंची और प्राधिकरण की अनुमति के बिना बन रही ऊंची दिवार के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। एमडीडीए की जेसीबी ने करीब 24 फीट ऊंची दिवार को ध्वस्त कर दिया। सहायक अभियंता एमडीडीए पीपी सिंह ने बताया कि सीनियर सिटीजन टीकाराम रतूड़ी ने शिकायत दर्ज करायी थी कि पड़ोसी मोहन सिंह राणा नियमों को दरकिनार कर उनके आवास के सामने ऊंची दिवार का निर्माण करा रहा है, जिससे उनके हवा रोशनी आनी बंद हो गई है। इससे वे अस्वस्थ और मानसिक रूप से परेशान चल रहे हैं। बाउंड्रीवाल को अवैध निर्माण बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। जांच में निर्माण अवैध पाया गया, जिस पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। बताया कि दीवार इतनी ऊंची बन रही थी कि भविष्य में लोगों के लिए खतरा बन सकती थी।
